





सरायकेला जिले के कांड्रा थाना परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस श्रद्धा, गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने देश के शहीदों एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प माला अर्पित कर पूरे सम्मान के साथ तिरंगे का झंडोत्तोलन किया और राष्ट्रगान के साथ झंडे को सलामी दी।


झंडोत्तोलन के बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने कहा, “आजादी के दीवानों को शत-शत नमन। हमारी देश की सेना ही हमारे भगवान हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके बलिदान के कारण ही हम आज स्वतंत्र और सुरक्षित भारत में सांस ले पा रहे हैं।”

उन्होंने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन देश में संविधान लागू हुआ था। “26 जनवरी 1950 को संविधान के लागू होने के साथ ही भारत एक पूर्ण गणराज्य बना। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है,”
अपने संबोधन के अंत में थाना प्रभारी ने सभी देशवासियों से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदार नागरिकता ही सशक्त भारत की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
