
टाटा स्टील गम्हरिया परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिक्युरिटी विभाग के समक्ष किया गया, जहां मुख्य अतिथि टीएसजी प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह ने ससम्मान तिरंगा फहराकर सलामी दी।
झंडोत्तोलन से पूर्व मुख्य अतिथि ने जवानों की परेड का निरीक्षण किया और उनके अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। इसके पश्चात उपस्थित कर्मचारियों एवं अतिथियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में रंजन कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य उथल-पुथल से भरा है, ऐसे में हमारी जिम्मेदारी केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रह जाती। उन्होंने ऑपरेशनल एक्सीलेंस, डिजिटलीकरण और विशेष रूप से सेफ्टी पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सेफ्टी केवल एक मानक नहीं, बल्कि मानव जीवन के प्रति सम्मान को दर्शाने वाला हमारा मूलमंत्र है।

उन्होंने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अधिकारों के साथ-साथ दायित्वों की भी याद दिलाता है। ईमानदारी, अनुशासन और टीमवर्क के साथ उच्चतम मानकों का पालन करते हुए सम्मानजनक कार्य संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है, तब गम्हरिया जैसे औद्योगिक केंद्रों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। नवाचार, कौशल विकास और सतत प्रयासों के माध्यम से टाटा स्टील गम्हरिया को इस्पात उत्पादन का आदर्श केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई


।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए उनके सपनों को प्रत्येक दिन, प्रत्येक शिफ्ट और प्रत्येक क्षण साकार करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुरक्षाकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह ने किया। गणतंत्र दिवस समारोह की संपूर्ण तैयारी ईएस एंड सीआर हेड प्रमोद कुमार के निर्देशन में की गई थी। अंत में सीएस विभाग के एरिया मैनेजर महेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया।


