
गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत डुमरा पंचायत में विशाल मंडल के घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5 फीट लंबा धामन सांप खपड़े के नीचे छिपा मिला। सांप का आधा हिस्सा बाहर लटक रहा था, जबकि आधा हिस्सा खपड़े के नीचे दबा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, विशाल मंडल की नजर सांप पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी।

देखते ही देखते घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद समाजसेवी प्रकाश कुमार राजू और मानिक मंडल ने कांड्रा के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर सुल्तान मिर्जा को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुल्तान मिर्जा डुमरा गांव पहुंचे और काफी सावधानी से करीब 5 फीट लंबे धामन सांप का रेस्क्यू किया।

काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। समाजसेवी प्रकाश कुमार राजू और मानिक मंडल ने सुल्तान मिर्जा की सराहना करते हुए कहा कि सांपों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लोगों की सुरक्षा में उनका योगदान सराहनीय है।
