
कांड्रा : विजयादशमी के पावन अवसर पर कांड्रा स्थित एसकेजी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। खास बात यह रही कि रावण दहन कमेटी ने इस वर्ष अपने आयोजन को 75 वीं प्लेटिनम जयंती के रूप में मनाया। भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम से पहले मुख्य अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के का कमेटी के सदस्यों ने माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। वहीं, कमेटी के अध्यक्ष लालबाबू महतो के नेतृत्व में उपस्थित अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कृष्णा बास्के ने अपने संबोधन में कहा कि “समाज के प्रति दुराचार की भावना रखने वालों का अंत भी इसी प्रकार होता है।” उन्होंने कहा कि बुराई और दुराचार को समाप्त करके ही एक अच्छे, सभ्य और आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। विजयादशमी का पर्व हमें असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है।
रावण दहन के दौरान आयोजक कमेटी की ओर से शानदार आतिशबाजी की गई, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। घंटों तक चली आतिशबाजी का लोगों ने भरपूर आनंद लिया और कई लोग इन यादगार पलों को अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। इसके साथ ही आयोजित बूगी-वूगी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य सुधीर चंद्र महतो और होनी सिंह मुंडा उपस्थित रहे। वहीं, कांड्रा पंचायत की मुखिया शंकरी सिंह, समाजसेवी प्रमोद सिंह, राजेश भगत, गौतम महतो और इन्द्रो मुर्मू सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की रही अहम भूमिका


रावण दहन कमेटी के अध्यक्ष लालबाबू महतो, उपाध्यक्ष राम महतो, सचिव दिलीप दे एवं राजकिशोर महतो, सह-सचिव बीरु घटवारी, दशरथ रजक, मनीष प्रसाद, बम्बल दास एवं राहुल रजक तथा कोषाध्यक्ष सूरज रजक, बादल गोराई, विक्की रजक और रवि महतो को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

वहीं, महासचिव लवकुश प्रसाद के साथ राहुल महतो और दीपक घटवारी सहित कमेटी के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सदस्य के रूप में चंदन कुमार दे, तपन पोद्दार, मुन्ना मंडल, विशाल यादव,




अजय महतो, मनोज प्रसाद, प्रेम रजत, राहुल महतो, आदित्य महतो और अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। 75 फीट ऊंचे रावण के दहन और कमेटी की 75वीं प्लेटिनम जयंती के अवसर पर आयोजित इस भव्य समारोह ने कांड्रा में विजयादशमी के उत्साह को यादगार बना दिया।
