
नोवामुंडी संवाददाता संचार भारत न्यूज़
टाटा डी.ए.वी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के प्रांगण में ‘स्वच्छ भारत अभियान’, ‘नशा मुक्त विद्यालय’ और ‘डीएवी स्पोर्ट्स नेशनल’ में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों की सफलता की कामना के लिए एक विशेष वैदिक हवन यज्ञ एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र वैदिक मंत्रोच्चार और हवन आहुतियों के साथ हुआ। हवन के माध्यम से डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में भाग लेने जा रहे विद्यालय के होनहार खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, बेहतर स्वास्थ्य और विजय की मंगलकामना की गई।
हवन अनुष्ठान के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर टिस्को कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से गुजरी। रैली के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर स्थानीय निवासियों को स्वच्छता अपनाने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
रैली के माध्यम से टिस्को कॉलोनी के लोगों से विशेष रूप से अपील की गई कि वे नशीले पदार्थों से पूरी तरह दूर रहें, अपने परिवार व समाज को नशा मुक्त बनाएं और स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाएं। समाज को स्वच्छ और नशा मुक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं और स्थानीय नागरिकों को प्रेरित करने का यह प्रयास सराहनीय रहा।

वरिष्ठ संस्कृत शिक्षक श्री सुरेश पंडा ने राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल और नशा मुक्त जीवन शैली ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण करती है। सी सी ए के तत्वाधान में कक्षा 3 से 12 के बीच “सफल एवं सुरक्षित माईनिंग” विषय पर लेख ,पोस्टर एवं चित्राकंन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें कुल 396 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया ।कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और सभी के बीच प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।
