
मां की ममता और दोस्त की वफादारी ने रुलाया, बछड़े की मौत पर नोवामुंडी में दिखा मार्मिक दृश्य
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। नोवामुंडी बाजार चौक ओवरब्रिज के पिलर नंबर 19 के पास देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गाय के बछड़े की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक चारपहिया वाहन ने बछड़े को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके का दृश्य बेहद मार्मिक था। बछड़े की मौत से उसकी मां गाय बार-बार शव के पास पहुंचकर उसे निहारती और तड़पती रही। वहीं, बछड़े के साथ रहने वाला एक कुत्ता भी देर रात तक शव के पास बैठा रहा और उसे छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। पशुओं के बीच इस लगाव को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे। सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नोवामुंडी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया गया कि हादसे के बाद वाहन को गिरी होटल के पास खड़ा कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात तक मृत बछड़े के शव को दफनाने की तैयारी चलती रही। इस दौरान उसकी मां गाय घटनास्थल के आसपास मंडराती रही, जबकि वफादार कुत्ता शव के पास डटा रहा।
एक मां अपने बच्चे को खोकर तड़पती रही और एक बेजुबान दोस्त अपने साथी के शव की रखवाली करता रहा। नोवामुंडी की यह मार्मिक तस्वीर पशुओं के बीच प्रेम और अपनापन की गहरी भावना को बयां कर गई।
