
कांड्रा बाजार के जय शनि देव पावन धाम में गूंजे माता के जयकारे: समाजसेवी रोशन प्रसाद साव के सहयोग से पीपल वृक्ष के समीप स्थापित हुईं ‘सात महारानी’, पंडित गौतम मिश्रा ने कराया भव्य पूजन कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा बाजार स्थित प्रसिद्ध जय शनि देव पावन धाम नीलकंठ बाबा मंदिर परिसर में मंगलवार को एक पावन धार्मिक अनुष्ठान भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। परिसर में स्थित पीपल वृक्ष के समीप तथा शनि देव महाराज के विग्रह के पास स्थानीय समाजसेवी रोशन प्रसाद साव के विशेष सहयोग से ‘सात महारानी’ (सप्त मातृकाओं) की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इस शुभ अवसर पर आयोजित भव्य प्राण-प्रतिष्ठा पूजा में समाजसेवी रोशन प्रसाद साव ने स्वयं मुख्य यजमान के रूप में बैठकर सभी धार्मिक अनुष्ठानों को पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराया।

उन्होंने अत्यंत भक्तिभाव से माता रानी का पूजन-अर्चन कर पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इस पूरे धार्मिक अनुष्ठान का संचालन प्रख्यात आचार्य पंडित गौतम मिश्रा द्वारा कराया गया, जिन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण और संपूर्ण शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ देवी प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। मंदिर परिसर में स्थापित की गई सात महारानी के रूप में माँ ब्राह्मणी, माँ वैष्णवी, माँ माहेश्वरी, माँ इन्द्राणी, माँ कौमारी, माँ वाराही तथा माँ चामुण्डा की प्रतिमाओं का विशेष पूजन किया गया। अनुष्ठान के उपरांत सभी देवियों का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार कर महाआरती उतारी गई।

इसके पश्चात उपस्थित भारी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ और ‘जय शनि देव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया तथा सभी ने समाजसेवी रोशन प्रसाद साव के इस सराहनीय एवं धार्मिक कार्य की प्रशंसा की। मौके पर मुख्य रूप से समाजसेवी रोशन प्रसाद साव, पंडित गौतम मिश्रा, इंदु बर्मन, विमला देवी, गोरी रजक समित सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
