
डुमरा। सरायकेला-खरसावां जिले के डुमरा पंचायत अंतर्गत वनगोड़ा गांव में मां लक्खी की पूजा धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ शुरू हुई। इस अवसर पर आशीष मंडल के घर में आयोजित लक्ष्मी पूजा का उद्घाटन समाजसेवी मनोज मार्डी ने किया। पूजा के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाजसेवी मनोज मार्डी ने कहा कि मां लक्ष्मी की पूजा हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है।

मां लक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। त्योहार हमें मिल-जुलकर रहने और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देते हैं। पूजा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी की आराधना कर सभी के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। मौके पर समाजसेवी मनोज मार्डी, संतोष प्रमाणिक, रति मंडल और सूरज कालिंदी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
