
प्रतिनिधि, नोवामुंडी
नोवामुंडी थाना क्षेत्र के जामपानी और लेपांग के बीच घाटी में हाथी को सामने आता देख घबराकर एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। हादसे में ओडिशा के मयूरभंज जिले के घागरबेड़ा निवासी हीरा गिरी (25) घायल हो गया। वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा था। ऐसे में यदि समय पर उस पर किसी की नजर नहीं पड़ती, तो ठंड में रातभर पड़े रहने से उसकी जान पर भी बन सकती थी। रोजगार सेवक ने दिखाई तत्परता, बने संकटमोचन घायल युवक के लिए नोवामुंडी प्रखंड के रोजगार सेवक अमित कुमार संकटमोचन बनकर सामने आए। सड़क किनारे अचेत पड़े युवक पर उनकी नजर पड़ी, तो उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना प्रभात खबर के नोवामुंडी प्रतिनिधि को दी। प्रतिनिधि ने तत्काल नोवामुंडी थाना को घटना की जानकारी दी। समय पर सूचना मिलने से घायल युवक को मदद पहुंचाने का रास्ता खुला। सूचना मिलते ही एंबुलेंस लेकर पहुंचीं पूर्णिमा कुमारी घटना की जानकारी मिलते ही नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने भी तत्परता दिखाई। उन्होंने बिना देर किए टाटा अस्पताल की एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा और स्वयं भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद घायल हीरा गिरी को तत्काल टाटा स्टील अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल के ललाट पर दो टांके लगाए गए हैं।
सुरक्षा के लिए थाने में रखी गई बाइक
घटना के बाद पुलिस ने घायल युवक की बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से थाने में रखवा दिया है। रोजगार सेवक अमित कुमार की सजगता और सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी की त्वरित कार्रवाई से घायल युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
