
35 अभ्यर्थियों में से 19 मुख्य साक्षात्कार के लिए चयनित
नोआमुंडी, 26 अक्टूबर 2026। नोआमुंडी कॉलेज स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में टाटा मोटर्स लिमिटेड के ‘लर्न एंड अर्न’ कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई। इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन, नोआमुंडी के सहायक प्रबंधक शुभम, मॉडल करियर सेंटर, जमशेदपुर के मोबिलाइजेशन ऑफिसर रोशन कुमार ओझा तथा टाटा मोटर्स से संबद्ध क्वेस (Quess) के एचआर रिक्रूटर बाल किशोर उपस्थित थे।
चयन प्रक्रिया में कुल 35 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 19 अभ्यर्थियों को मुख्य साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। यह प्रक्रिया युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को प्रोडक्शन एवं असेंबली विभाग में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही मेकाट्रॉनिक्स में डिप्लोमा प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए योग्यता 12वीं उत्तीर्ण (किसी भी संकाय से) अथवा तकनीकी ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई निर्धारित है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹13,088 प्रतिमाह स्टाइपेंड के अलावा कैंटीन एवं बस सुविधा, चिकित्सा सुविधा, यूनिफॉर्म, जूते तथा डिप्लोमा अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएँ भी प्रदान की जाएँगी।
नोवा मुंडी college के प्राचार्य डॉ मनोजित विश्वास सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त कर कहा कि इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी दक्षता हासिल करने और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। नोआमुंडी कॉलेज का स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं के कौशल विकास एवं करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
