

आरआईटी पुलिस ने दो अलग- अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें रिंटू कुमार, अनिल सरदार उर्फ गोरा सरदार एवं बगीरा महतो उर्फ दीपू महतो शामिल हैं। जानकारी देते हुए एसडीपीओ हरविंदर सिंह ने बताया कि 28- 29 जून रात को मीरूडीह स्थित जेबीबी डाट कॉम मोबाइल दुकान से 27 ब्रांडेड नए मोबाइल, 5 स्मार्ट वॉच और एक हेडफोन चोरी हुई थी। मामला दर्ज होने के बाद एक टीम गठित किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना पर आदित्यपुर थाना अंतर्गत चावला मोड़ से रिंटू कुमार को 6 मोबाइल, एक हेडफोन और एक स्मार्ट वॉच बिक्री करते दबोचा गया। पूछताछ के क्रम में उसने जेबीवी डाट कॉम मोबाइल दुकान में चोरी की बात स्वीकार कर ली। बाकी मोबाइल के संबंध में उसने बताया कि सभी मोबाइल उसके घर में रखे हैं। जहां से तलाशी के क्रम में बाकी 16 मोबाइल एवं दो स्मार्ट वॉच बरामद किए गए। 4 मोबाइल की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे आरआईटी के नेपाली बस्ती के पास चंदू कुमार राम के साथ चाकू के बल पर मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसकी शिकायत दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में अनिल सरदार उर्फ गोरा सरदार एवं बगीरा महतो उर्फ दीपू महतो को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। बताया कि अनिल सरदार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और कई कांडों में वह जेल भी जा चुका है। एसडीपीओ ने आर आईटी थाना पुलिस के कार्यों की सराहना की और थानेदार को अवार्ड देने की अनुशंसा करने की बात कही।
