
आदित्यपुर नगर निगम का कार्यकाल 28 अप्रैल को समाप्त होने जा रहा है। इसे लेकर आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 5 के पार्षद सिद्धनाथ सिंह के नेतृत्व में नीतू शर्मा, जूली महतो, नील पद्मा विश्वास और विक्रम किस्कू ने सीएम हेमंत सोरेन के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपकर चुनाव नहीं होने तक कार्यकाल को निरंतर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छोटी- छोटी जन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जब तक नगर निकाय का चुनाव नहीं हो जाता है तब तक महापौर, उप महापौर और सभी 35 वार्ड के पार्षद के कार्यकाल को निरंतर रखा जाए। कहा इस साल प्रचंड गर्मी के कारण लगभग आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्ड में पानी की दिक्कत हो रही है। जिसे लेकर आम जनता द्वारा वार्ड पार्षद पर दबाव बनाया जा रहा है। पूर्व की तरह जिस प्रकार पंचायतों में कार्यकाल निरंतर रखा गया था उसी प्रकार नगर निगम के जनप्रतिनिधियों को भी निरंतर रखा जाए ताकि पूर्व की तरह सेवा के लिए शहर में सफाई कराना, लाइट रिपेयरिंग, चापाकल रिपेयरिंग, घर- घर पानी सप्लाई कराना, आधार कार्ड में सुधार कराना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन पर अनुशंसा करना जैसे कार्य कार्यकाल समाप्त होने के बाद स्थगित कर दिए जाएंगे। उन्होंने आमजनों की समस्याओं को देखते हुए चुनाव नहीं होने तक कार्यकाल को निरंतर रखने की मांग की है।
