आदित्यपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 पेटी अवैध नकली विदेशी शराब बरामद किया है। इसका बाजार मूल्य लगभग 2.50 लाख बताया जा रहा है। जानकारी देते हुए थानेदार राजन कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चांडिल की ओर से एक टाटा मैजिक गाड़ी आ रही है जिसमें लाखों रुपए के नकली शराब लोड है। सूचना के सत्यापन हेतु वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए तत्काल एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सांपड़ा मोड़ के समीप से पिकअप वैन को रोका।

उसकी तलाशी लेने पर उसमें से 27 पेटी विदेशी शराब बरामद किया गया। कागजात मांगने पर वाहन में मौजूद चालक राजेश हेम्ब्रम एवं अन्य व्यक्ति द्वारा दिखाने से असमर्थता जाहिर की गई। पूछताछ के क्रम में चालक भाग निकला जबकि उप चालक गोपाल जोंको को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन एवं उसमें लदे नकली शराब को जप्त कर लिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए उप चालक द्वारा बताया गया कि उक्त नकली शराब को खरसावां ले जाया जा रहा था। फिलहाल पूछताछ के बाद उप चालक को जेल भेज दिया गया। छापेमारी टीम में थानेदार राजन कुमार के अलावा एएसआई अभिषेक कुमार, राजू राणा, सुमन सौरभ, विकास कुमार एवं अन्य सशस्त्र बल मौजूद थे।
