
संवाददाता, नोवामुंडी
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत बुधवार को नोवामुंडी प्रखंड परिसर में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के 11 विद्यालयों के 146 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।

साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार ने बच्चों को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि यह केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। साइकिल मिलने के बाद बच्चों ने सरकार के प्रति आभार जताते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया

