
जमशेदपुर: शहर के बंगाल क्लब के कॉन्फ्रेंस हॉल में एटक (AITUC) और शहर के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से एटक के लीगल सेल का गठन किया गया, जिसका उद्देश्य शोषित, पीड़ित एवं मजदूर वर्ग के साथ-साथ गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि समाज के ऐसे अनेक लोग हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण न्याय पाने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि लीगल सेल विशेष रूप से प्रताड़ित मजदूरों, गांव-देहात के गरीब लोगों तथा छोटे-छोटे मामलों में कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे जरूरतमंदों को उचित कानूनी मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगा।
।
एटक के कोल्हान प्रमंडल महासचिव अम्बुज कुमार ठाकुर ने कहा कि देश में मजदूरों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू चार श्रम संहिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रावधानों से श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हुए हैं और विशेष रूप से टर्म एम्प्लॉयमेंट जैसे प्रावधानों के कारण मजदूरों को अधिक कानूनी सहायता की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने कहा कि एटक हमेशा मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है और यह लीगल सेल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
बैठक में अधिवक्ता शशि भूषण कुमार, सूरज कुमार सिंह, राजबीर भांगरा सहित एटक के उप महासचिव हीरा अरकने, धनंजय शुक्ला, एआईएसएफ के जिला अध्यक्ष राजू समद तथा कई अन्य अधिवक्ता एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में लीगल सेल की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें वीरेंद्र कुमार सिन्हा, अम्बुज कुमार ठाकुर, हीरा अरकने एवं धनंजय शुक्ला को संरक्षक बनाया गया। दिलीप कुमार महतो को अध्यक्ष, शशि भूषण कुमार को उपाध्यक्ष, गिरीश कुमार सिंह को सचिव तथा सूरज कुमार सिंह को संयुक्त सचिव चुना गया। नवगठित लीगल सेल ने समाज के कमजोर, मजदूर और जरूरतमंद वर्ग को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
