कब मिलेगा झिमड़ी पंचायत को नया सेविका? अधिकारियों की मनमानी से तीसरी बार टली प्रक्रिया

सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी पंचायत में प्रशासनिक उपेक्षा के कारण आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया लगातार तीसरी बार अधर में लटक गई है। सोमवार को चयन हेतु आमसभा की तिथि निर्धारित की गई थी, जिसके लिए अभ्यर्थी और पंचायतवासी तय समय पर एकत्रित हो गए। हालांकि, महिला एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सहित कोई भी संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके कारण प्रक्रिया को एक बार फिर स्थगित करना पड़ा।ग्रामीणों और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में भी दो बार आमसभा बुलाई गई थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर अधिकारी नदारद रहे। लगातार तीसरी बार भी अधिकारियों की अनुपस्थिति से अभ्यर्थियों को मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं पंचायत में पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्रशासन के इस रवैये से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने जल्द से जल्द नई तिथि निर्धारित कर अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से चयन प्रक्रिया संपन्न कराने की अपील की है।
