
सरायकेला-खरसावाँ, 30 अक्टूबर 2026। जिले के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला-खरसावाँ में 27 एवं 30 अक्टूबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 55 योग्य अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री आशा मैक्सीमा लकड़ा ने बताया कि रोजगार शिविर में रामकृष्णा कास्टिंग सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ए.के. इंटरप्राइजेज, युवा शक्ति फाउंडेशन एवं यूनिक सॉल्यूशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर प्रारंभिक चयन किया गया।
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ट्रेनी, सीएनसी मशीन ऑपरेटर, जनरल फिटर, मार्केटिंग असिस्टेंट, एमआईजी वेल्डर, गैस वेल्डर, फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी रोबो ऑपरेटर, वीएमसी ऑपरेटर, टर्नर मशीनिस्ट एवं फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों के लिए चुना गया है। इन अभ्यर्थियों को सरायकेला-खरसावाँ, जमशेदपुर, गुजरात, पुणे एवं चेन्नई स्थित प्रतिष्ठानों में रोजगार का अवसर मिलेगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के माध्यम से समय-समय पर रोजगार शिविर एवं रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार मिल सके। उन्होंने युवाओं से जिला नियोजनालय में अपना निबंधन कराने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार शिविरों में भाग लेने की अपील की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित रोजगार शिविर एवं नियोजन संबंधी सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क हैं। अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है।
रोजगार शिविर के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री आशा मैक्सीमा लकड़ा, वाई.पी. (मॉडल कैरियर सेंटर) श्री रवि प्रकाश सिंह, श्री रमण कुमार, श्री सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर संबंधित नियोजक संस्थानों के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
