
जमशेदपुर। जेमको बिहारी कॉलोनी निवासी एवं मूलवासी कल्याण समाज के कोषाध्यक्ष जगन्नाथ मुखी (48 वर्ष) का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन से परिजनों के साथ-साथ समाज के लोगों में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ मुखी कनवाई वाहन चालक के रूप में भालूबासा स्थित निर्मल ट्रांसपोर्ट के अधीन कार्यरत थे। बताया गया कि वे टाटा मोटर्स से कनवाई चार पहिया वाहन लेकर झारसुगुड़ा, ओडिशा जा रहे थे। इसी दौरान 27 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे सुंदरगढ़ जिले के बड़गांव स्थित एक लाइन होटल के समीप उनके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। घटना के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने एवं पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, परिजनों, समाज के पदाधिकारियों एवं निर्मल ट्रांसपोर्ट भालूबासा के संचालक के बीच उचित मुआवजे को लेकर बातचीत हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी।इस दौरान कारूवा समाज के गुरूचरण मुखी, आनंद मुखी, राजू बेहरा, संतोष कारूवा, निमाई कारूवा, मनोज कारूवा, अजय मुखी, नेपाली मुखी, डेविड कारूवा, राजू कारूवा, शिबू कारूवा, बबलू बेहरा, अनीता कारूवा, सरस्वती कारूवा एवं सुलो कारूवा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
