
शिक्षा के क्षेत्र में संध्या प्रधान का अतुलनीय योगदान- पुरेंद्र
उत्क्रमित उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित शिक्षिका संध्या प्रधान के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को स्कूल परिसर में शिक्षक और स्कूली बच्चों ने शुभेक्षा समारोह का आयोजित किया। सभी ने प्रधान शिक्षिका संध्या प्रधान को नम आंखों से विदाई दी। इसमें मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुब्रता महतो, विशिष्ट अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सेवानिवृत शिक्षिका संध्या प्रधान को सम्मानित किया। वहीं स्कूल के शिक्षक- शिक्षिकाओं ने उन्हें सम्मान पत्र समेत उपहार से सम्मानित किया। बच्चों ने “गुरुवर ना जाओ छोड़कर यह कहती है धड़कन” गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। सेवानिवृत शिक्षिका संध्या प्रधान ने कहा कि वह भले ही स्कूली पठन-पाठन कार्य से सेवानिवृत्त हुईं है लेकिन शिक्षा और बच्चों से दूर नहीं है। स्कूल में रहकर जो शिक्षा के लिए जो कार्य नहीं कर पाई वह अब सेवानिवृत्त होकर करेंगी। विशिष्ट अतिथि पुरेंद्र नारायण सिंह ने संध्या प्रधान के शिक्षा जगत में अतुलनीय योगदान की सराहना की। इसमें वार्ड पार्षद नथुनी सिंह, सिंहभूम बंगीय एसोसिएशन के संरक्षक पीके नंदी समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे।
