
जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष विशु हेंब्रम एवं कार्यकारी जिला अध्यक्ष अंबुज कुमार के नेतृत्व में आदित्यपुर अटल पार्क में जय भारत सत्याग्रह सभा का विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में कांग्रेसी समेत आम जन शामिल हुए। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव झारखंड के प्रभारी अविनाश पांडे जी ने भाग लिया। वहीं मुख्य उद्घाटन कर्ता राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मौजूद थे। जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचु, पूर्व मंत्री जिला प्रभारी जलेश्वर महतो, इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, जिला प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, विधानसभा प्रभारी राकेश तिवारी, परितोष सिंह, प्रिंस सिंह भी मौजूद थे।अविनाश पांडे ने कहा कि मोदी सरकार ने देशभर में अघोषित रूप से आपातकाल लगाया हुआ है। विपक्ष नेताओं समेत मीडिया व आम जनों की बोलने की आजादी, खाने-पीने व पहनने और उठने बैठने की आजादी छीन लिया गया है। यह लड़ाई राहुल गांधी सोनिया गांधी की नहीं बल्कि आम जनमानस की लड़ाई है। जिसका आगाज कांग्रेस पार्टी ने सड़क से लेकर संसद तक किया है। कांग्रेस पार्टी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और मित्रों के लिए मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार का पर्दाफाश लगातार करती रहेगी। मोदी सरकार के काले कारनामों से कांग्रेसी डरने वाले नहीं है।
