
(सरायकेला-खरसावां: कांड्रा :कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर रायपुर गांव के समीप दो बाइकों की अनियंत्रित होकर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चांडिल की ओर जा रहा एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक कांड्रा से चांडिल की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा चौका की ओर से कांड्रा आ रहा था। रायपुर गांव के पास दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। दुर्घटना में चांडिल जा रहे युवक के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे बाइक सवार को हल्की चोट लगी और वह मौके से बाइक लेकर चला गया।
समाजसेवी धर्मू मांझी और पुलिस ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद घायल युवक सड़क पर ही पड़ा तड़प रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी धर्मू मांझी की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए तुरंत जेआरडीसीएल एंबुलेंस और कांड्रा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांड्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पहुंचने में देरी होते देख समाजसेवी धर्मू मांझी, ग्रामीणों और कांड्रा पुलिस ने तुरंत निर्णय लिया। घायल को कांड्रा थाना की गश्ती गाड़ी में बैठाकर रवाना किया गया। रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर घायल युवक को उसमें शिफ्ट किया गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सरायकेला रेफर कर दिया गया।
