
नोवामुंडी :-पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत कोटगढ़ स्थित पुराने पंचायत भवन में रविवार को षिरजोन सेंया नितिर उम्बुल सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही षिरजोन टीम का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया।
इस सेंटर की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आदिवासी हो समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा, शिक्षा एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। सेंटर में संचालित होने वाले सभी प्रशिक्षण एवं शिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होंगे, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।

सेंटर में दामा दुमंग, रुतु, बनम, सुसुन एवं दुरंग जैसे पारंपरिक सांस्कृतिक विषयों के साथ-साथ सामान्य शिक्षा, भारतीय संविधान एवं कानूनी जानकारी, पेसा कानून, पांचवीं अनुसूची एवं आदिवासी समाज से जुड़े संवैधानिक प्रावधान एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की शिक्षा दी जाएगी।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद सदस्य भाग-1 की देवकी कुमारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कोटगढ़ पंचायत की मुखिया बामिया चाम्पिया, प्रफुल्लो बोदरा (TSF स्टाफ), लक्ष्मण तिरिया, अमरजीत लागुरी, चंद्रमोहन चातोम्बा, गुरूचरण सिंकु, कुशनू दोरायबुरू, कमलेश तिरिया, विक्रम तिरिया, रवीना चातोम्बा, अनिता लागुरी, चरिबा तिरिया सहित षिरजोन टीम के अनेक सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
