
धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन के यादगार अनुभवों के साथ संपन्न हुई नेपाल यात्रा
फौजी एंड फ्रेंड्स की टीम ‘जय हो’ की 21 सदस्यीय टोली 23 अक्टूबर की शाम टाटा-जयनगर एक्सप्रेस से नेपाल यात्रा के लिए रवाना हुई थी। लगभग दस दिनों की इस यादगार यात्रा के दौरान टोली ने नेपाल के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और 1 नवंबर को जयनगर-टाटा एक्सप्रेस से सकुशल जमशेदपुर वापस लौटी। आज पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम के जिला महामंत्री सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में वेटरन दिनेश कुमार सिंह अशोक श्रीवास्तव सतनाम सिंह महेश कुमार ने टीम के नेतृत्वकर्ता एवं वरिष्ठ सदस्य हरेन्दू शर्मा कमल शुक्ला सच्चीकान्त मिश्रा पारस नाथ राय जय प्रकाश नारायण पाठक प्रमोद कुमार शीतल साहू आदि को माला पहनाकर स्वागत किया। इस यात्रा के दौरान जनकपुर में विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन के साथ जनक महल एवं राम-सीता विवाह मंडप का भ्रमण किया। वहीं काठमांडू में विश्वप्रसिद्ध बाबा पशुपतिनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर एवं शक्तिपीठ माता गुह्येश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त चंद्रागिरि हिल से मनोरम प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लिया गया। पोखरा में सारंगकोट सनराइज प्वाइंट से सूर्योदय का अद्भुत नजारा देखने के साथ माता विंध्यवासिनी एवं ताल बाराही माता के दर्शन किए गए। वहीं चितवन में जंगल सफारी और स्थानीय थारू समुदाय के पारंपरिक लोकनृत्य कार्यक्रम ने यात्रा को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
यात्रा का विशेष आकर्षण रहा पशुपतिनाथ मंदिर के प्रधान भट्ट से आशीर्वाद प्राप्त करना। इस यात्रा की एक अत्यंत विशिष्ट उपलब्धि यह रही कि इंडियन आर्मी के सूबेदार मेजर श्री पारस नाथ राय के सुपुत्र श्री अविनाश राय (IPS) SSP त्रिपुरा की सह-प्रशिक्षु एवं मित्र श्रीमती स्मृति सिलवल जिला पुलिस अधिकारी (Nepal Police Service), काठमांडू तथा उनके पति श्री वृतान्त सिलवल (पूर्व अध्यक्ष, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल) के विशेष सौजन्य से पूरी टोली को बाबा पशुपतिनाथ मंदिर के पूजनीय प्रधान भट्ट (मुख्य पुजारी) से मिलने एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर मिला। इस अवसर पर श्री वृत्तांत सिलवल जी ने अपनी एक महत्वपूर्ण इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि काशी के बाबा विश्वनाथ धाम से नेपाल के बाबा पशुपतिनाथ धाम तक भारत एवं नेपाल को जोड़ने वाली एक एक्सप्रेस-वे सड़क का निर्माण होना चाहिए, जिससे दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंध और अधिक सुदृढ़ हो सकें।
इसके उपरांत पोखरा में नेपाल पुलिस सेवा (NPS) की जिला पुलिस अधिकारी श्री सूर्या बोगती ने पूरी टोली का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने स्मृति-चिह्न के रूप में मुक्तिनाथ धाम से मंगवाया गया एक विशिष्ट शालिग्राम भेंट कर टोली को सम्मानित किया। टोली के सभी सदस्यों ने इस यात्रा को अत्यंत सफल, सुखद, सुरक्षित एवं यादगार बताते हुए टीम के सामूहिक प्रयासों और बेहतर आयोजन की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि टीम ‘जय हो’ के नेतृत्व में इसके पूर्व भी सदस्य थाईलैंड सुंदरवन नेतरहाट बाबाधाम अयोध्या सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का सामूहिक भ्रमण कर चुके हैं। टीम का उद्देश्य केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था एवं मित्रता के रिश्तों को और मजबूत करना भी है।
