
सरायकेला-खरसावां:कांड्रा
: कांड्रा बस स्टैंड में सुबह-सुबह बस कर्मियों की बड़ी लापरवाही और मनमानी का मामला सामने आया है। स्टैंड में बेतरतीब ढंग से खड़ी एक बस सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोर से रगड़ते हुए आगे निकल गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार स्थानीय युवक बाल-बाल बच गए।
ड्यूटी जा रहे सोशल इनफ्लुएंसर चंदन कुमार दे के साथ हादसा
जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार दे अपने घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। कांड्रा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर वे कुछ जरूरी काम से अपनी बाइक खड़ी करके रुके थे। इसी दौरान बस स्टैंड में पहले से खड़ी एक बस ने अचानक गाड़ी चालू की और चंदन कुमार दे की बाइक को घसीटते/रगड़ते हुए आगे बढ़ा दी। गनीमत रही कि चंदन कुमार दे समय रहते हट गए, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
गलती मानने के बजाय बहस करने लगा कंडक्टर
हादसे के तुरंत बाद जब बस को रुकवाकर बात की गई, तो कंडक्टर अपनी गलती स्वीकार करने से साफ इंकार कर दिया और उल्टा बहस करने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह शराब के नशे में गाड़ियां चलाई जाती हैं और आए दिन लोगों को ठोकते हुए निकलते हैं।
यात्रियों और ग्रामीणों की परेशानी:
स्थानीय लोगों ने बताया कि कांड्रा बस स्टैंड पर बसों को इतने अस्त-व्यस्त और बेढंगे तरीके से खड़ा किया जाता है कि राहगीरों का चलना दूभर हो जाता है। इसी रास्ते से रोजाना आसपास की कॉलोनियों के हजारों लोग और ग्रामीण आना-जाना करते हैं, जिन्हें हर समय हादसे का डर बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि बस स्टैंड पर बेतरतीब वाहन पार्क करने वालों और नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
