कांड्रा (विशेष संवाददाता):
औद्योगिक नगरी कांड्रा व इसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा बैद्यनाथ की जय’ के गगनभेदी जयकारों के बीच सैकड़ों शिवभक्तों का एक विशाल जत्था पवित्र सुल्तानगंज, देवघर और बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। कांवड़ियों के प्रस्थान से पूर्व पूरा कांड्रा क्षेत्र पूरी तरह से शिवभक्ति के रंग में रंग गया और माहौल भक्तिमय हो उठा।
इस यात्रा में भक्ति और संकल्प की एक अनोखी मिसाल भी देखने को मिली। जत्थे में शामिल विकास कुमार इस वर्ष लगातार 12वें साल सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल उठाकर बाबा बासुकीनाथ धाम में जल ढारने जा रहे हैं। अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए विकास कुमार ने कहा कि भोलेबाबा की असीम कृपा और आशीर्वाद से ही यह संभव हो पाया है। वे पिछले 11 वर्षों से नियम-निष्ठा के साथ जल अर्पण करते आ रहे हैं और इस 12वें वर्ष भी उसी श्रद्धा भाव के साथ बाबा बासुकीनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने जा रहे हैं।
कांवड़ियों की रवानगी के अवसर पर स्थानीय निवासियों और परिजनों ने उनका स्वागत कर मंगलमय यात्रा की कामना की। इस विशाल जत्थे में मुख्य रूप से विकास कुमार, सूरज कुमार गुप्ता, प्रकाश महतो, हरेंद्र ठाकुर, बजरंग प्रसाद गुप्ता समेत कांड्रा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हैं।जत्थे में शामिल शिवभक्तों ने बताया कि वे सबसे पहले सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहाँ से पवित्र गंगाजल उठाकर पैदल यात्रा करते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुँचेंगे। वहाँ जलाभिषेक करने के पश्चात सभी भक्त बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे और विधि-विधान से जल ढारकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना करेंगे। इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
