
प्रतिनिधि, नोवामुंडी: सावन माह की पावन बेला में नोवामुंडी का माहौल पूरी तरह शिवमय हो उठा है। चारों ओर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष गूंज रहे हैं। इसी भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण के बीच नोवामुंडी बोलबम कांवरिया संघ का पहला 11 सदस्यीय कांवरिया जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। प्रस्थान से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की तथा सुरक्षित एवं सफल यात्रा का संकल्प लिया। स्थानीय निवासियों और परिजनों ने कांवरियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस प्रथम जत्थे में सूरज प्रसाद, रंजीत केवर्त, निरंजन लोहार, राजेश कुमार पोद्दार, संतोष नायक, बिनय प्रजापति, नवीन पांडेय, विक्की नायक, सुमित करूवा, निर्भय सिंह एवं बड़े भाई छोटे शामिल हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सुल्तानगंज पहुंचकर पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरेंगे। इसके बाद कांवर में गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। देवघर के उपरांत सभी श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम में भी जल अर्पित कर अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण करेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है।
