
कांड्रा (सरायकेला-खरसावां):
स्थानीय पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने के लिए ही नहीं, बल्कि आम जनता के सुख-दुख की साथी भी है। पूर्वी सिंहभूम जिले के शास्त्री नगर (रोड नंबर 2) निवासी वृद्ध आफताब अहमद, जो पिछले 2 दिनों से रास्ता भटककर कांड्रा क्षेत्र में घूम रहे थे, उन्हें कांड्रा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया है। जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग को क्षेत्र में असहाय स्थिति में भटकते देखा। ग्रामीणों को तुरंत आभास हुआ कि बुजुर्ग रास्ता भूल चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए इसकी सूचना कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर संतोष सेन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेहद आत्मीयता से बुजुर्ग आफताब अहमद से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने अपना नाम और शास्त्री नगर का पता बताया।पता स्पष्ट होते ही सब इंस्पेक्टर संतोष सेन ने पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए बुजुर्ग को उनके निवास स्थान पहुँचाया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दो दिनों से परेशान परिजनों ने बुजुर्ग को सकुशल पाकर कांड्रा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों का सहृदय आभार व्यक्त किया।
