
सरायकेला : सरायकेला प्रखंड के हुदू पंचायत अंतर्गत पोड़ाडीह गांव में उस समय जश्न का माहौल देखा गया, जब सिंहभूम की नवनिर्वाचित सांसद जोबा मांझी अपने क्षेत्र के दौरे पर वहां पहुंचीं। आजादी के बाद पहली बार सांसद निर्वाचित होने के बाद जोबा मांझी के प्रथम आगमन पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोटा-पानी के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और माला पहनाकर ग्रामीणों ने अपनी प्रतिनिधि का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के,हुदू पंचयात की मुखिया सुगी मुर्मू.वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कालीपद सोरेन, प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी, जिला महा सचिव सह कार्यालय प्रभारी कॉग्रेस कमिटी प्रकाश कुमार राजू,उपाध्यक्ष राम महतो और उदय माडी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

समस्याओं का अंबार: ग्राम प्रधान ने सौंपा मांगपत्र
स्वागत समारोह के बाद पोड़ाडीह के ग्राम प्रधान
भोगान हांसदा ने ग्रामीणों की ओर से सांसद को एक 5 सूत्री मांगपत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिसके कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों की 5 प्रमुख मांगें:
1.बिजली व्यवस्था में सुधार: गांव में शाम होते ही बिजली गुल हो जाती है। जर्जर खंभों और झूलते तारों के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसे तुरंत बदलने का विभागीय आदेश जारी हो।
2.मुख्य मार्ग से संपर्क: पोड़ाडीह से डुडू जाने वाले मार्ग पर पक्की संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके।
3.पेवर्स ब्लॉक सड़क: गांव के ‘नीचे टोला’ (रोला) में बरसात के समय कीचड़ की समस्या से निजात पाने के लिए पेवर्स ब्लॉक सड़क बनाई जाए।
4.धार्मिक स्थल का सौंदर्यीकरण: ग्रामीणों की आस्था के केंद्र ‘जाहेरथान’ की घेराबंदी और विकास के लिए ITDA सरायकेला-खरसावां को अनुशंसा भेजी जाए।
5.पेयजल एवं सिंचाई: गांव में स्वच्छ पेयजल और कृषि कार्यों के लिए तत्काल एक ‘डीप बोरिंग’ की व्यवस्था की जाए।
जनता के विश्वास पर खरा उतरूंगी: जोबा मांझी
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सांसद जोबा मांझी ने भावुक स्वर में कहा कि जनता ने जिस अटूट विश्वास के साथ उन्हें दिल्ली भेजा है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोड़ाडीह की इन मांगों को वे प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष रखेंगी। उन्होंने मौके पर ही कहा कि वे जल्द ही अधिकारियों को निर्देशित कर इन विकास कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाएंगी।
ग्रामीणों ने अपनी सांसद को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और उम्मीद जताई कि अब उनके क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थाई समाधान होगा।
