
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी प्रखण्ड अंतर्गत पोखरपी पंचायत के ग्राम सेलदौरी तालाब में स्नानघाट निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। गांव के दिउरी द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद जिला परिषद चेयरमैन लक्ष्मी सुरेन ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर जिला परिषद के कनीय अभियंता राम जी बाई पटेल, संवेदक देवेंद्र कुमार, आंगनबाड़ी सेविका मेरी नैनिका डाकुवा, पंचायत स्वास्थ्य कार्यकर्ता विनोद लागुरी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद चेयरमैन लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि बरसात के दिनों में ग्रामीणों को तालाब तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कीचड़ और फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि स्नानघाट निर्माण होने से ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी तथा वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिल सकेगी।

ग्रामीणों ने भी स्नानघाट निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
