
सीनी, सरायकेला: सीनी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रेल कर्मचारी के घर में जहरीला सांप दिखाई दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे मेंस यूनियन के सचिव श्री विश्वजीत बड़ाईक (सोनू) को सूचना मिली कि रेल कर्मचारी श्री अमर नाथ जी के आवास में एक ‘बैंडेड करैत’ (स्थानीय भाषा में राणा सांप) छिपा बैठा है।
सांप के निकलने की खबर फैलते ही घर के सदस्यों में दहशत फैल गई। इसकी जानकारी तुरंत सरायकेला जिला के प्रसिद्ध सर्प विशेषज्ञ (स्नेक कैचर) राजा बारिक को दी गई। सूचना पाकर राजा बारिक तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अत्यंत जहरीले बैंडेड करैत सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
विशेषज्ञ की सलाह:
रेस्क्यू के बाद राजा बारिक ने बताया कि बैंडेड करैत एक बेहद जहरीला सांप है, जिसे छेड़ना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में सांप निकलने पर उसे मारें नहीं, बल्कि विशेषज्ञों को सूचित करें। मौके पर उपस्थित रेलवे मेंस यूनियन के सचिव विश्वजीत बड़ाईक ने राजा बारिक के त्वरित रिस्पांस और सफल रेस्क्यू के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सांप के पकड़े जाने के बाद रेल कर्मचारी के परिवार और स्थानीय मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। राजा बारिक सांप को सुरक्षित स्थान पर ले गए, जहाँ उसे प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया जाएगा।
