
नोवामुंडी | प्रतिनिधि नोवामुंडी इंटर कॉलेज में जनगणना खंड-1 के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य प्रगणकों और संबंधित कर्मियों को जनगणना की जटिल प्रक्रियाओं और सटीक डेटा संग्रह की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
जिला टीम ने किया औचक निरीक्षण प्रशिक्षण के दौरान जिला ट्रेनिंग सेल की टीम निरीक्षण के लिए कॉलेज पहुंची। टीम में मुख्य रूप से विमल चंद्र बोयपाई और संजीत हाँसदा शामिल थे। अधिकारियों ने क्लासरूम में जाकर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षुओं की उपस्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षुओं के सवालों का हुआ समाधान निरीक्षण के दौरान जिला टीम ने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे हर प्रतिभागी के संदेह को दूर करें। प्रशिक्षुओं ने भी इस दौरान फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर सवाल किए, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। टीम ने प्रशिक्षण की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
