
नोवामुंडी प्रखंड के रेल फाटक क्षेत्र में मंगलवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जहरीले ‘चिति’ सांप ने राजू सामंत के घर के समीप रहने वाली युवती लक्ष्मी कोड़ा पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवक राजू सामंत की तत्परता और बहादुरी से युवती की जान बच गई।
रात 9:30 बजे की घटना जानकारी के अनुसार, युवती रात करीब 9:30 बजे अपने घर के पास थी, तभी अचानक चिति सांप ने उसके बाएं पैर पर डस लिया। जहर का असर शुरू होते ही युवती दर्द से तड़पने लगी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। लक्ष्मी की चीख सुनकर पास में ही मौजूद राजू सामंत तत्काल मौके पर पहुंचे।
बहादुरी और सूझबूझ का परिचय बिना एक पल गंवाए, राजू ने अपनी मोटरसाइकिल निकाली और युवती को लेकर सीधे टिस्को अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण युवती को तुरंत इलाज मिल सका, जिससे उसकी जान खतरे से बाहर आ गई। फिलहाल लक्ष्मी का इलाज आईसीयू (ICU) में चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
सांप का भी सुरक्षित रेस्क्यू राजू सामंत ने न केवल युवती की जान बचाई, बल्कि अद्भुत सूझबूझ दिखाते हुए सांप की पहचान भी की ताकि सही एंटी-वेनम दिया जा सके। इसके बाद उन्होंने तत्काल स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंची टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़कर घने जंगल में छोड़ दिया, जिससे मोहल्ले में मंडरा रहा खतरा टल गया।
इलाके में प्रशंसा इस घटना के बाद जहां क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग राजू सामंत की जमकर सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर राजू ने सही समय पर हिम्मत और इंसानियत नहीं दिखाई होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
