
नोवामुण्डी। नोवामुण्डी प्रखंड के कोटगढ़ पंचायत भवन में शनिवार को ‘सपोर्ट’ संस्था के तत्वावधान में मनरेगा सहायता केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद विधायक प्रतिनिधि मंजीत प्रधान, प्रखंड उप प्रमुख ज्योति दास और मुखिया बामिया चाम्पियां ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ:
संस्था की जेंडर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पूजा सिंहदेव ने बताया कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को मनरेगा से जुड़ी जानकारी, जॉब कार्ड, कार्य की मांग और मजदूरी भुगतान जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।
मेट दीदियों की होगी अहम भूमिका:

सपोर्ट संस्था के टीम लीडर नीतीश कुमार बादल ने कहा कि केंद्र के संचालन में मेट दीदियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। वे मजदूरों और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करेंगी। कार्यक्रम में मेट दीदी ज्योत्सना बेहरा और शुक्रमुनि पुरती ने भी अपने अनुभव साझा किए और केंद्र के कार्यों की जानकारी दी।

विकास को मिलेगी गति:

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा और गांव के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मौके पर पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, बागवानी सखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सपोर्ट संस्था एवं TRI टीम सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
