नोवामुंडी | संवाददाता नोवामुंडी थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने दलबल के साथ क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील ठिकानों पर सघन छापेमारी और निरीक्षण किया।
ओवरब्रिज पर मची अफरा-तफरी
थाना प्रभारी सबसे पहले टीम के साथ नोवामुंडी ओवरब्रिज पहुंचे। यहाँ रात के अंधेरे में अड्डा जमाकर बैठे नशेड़ियों और संदिग्ध युवकों को पुलिस ने फटकार लगाते हुए वहां से भगाया। पुलिस की अचानक धमक से अड्डाबाजी करने वालों के बीच हड़कंप मच गया और वे इधर-उधर भागते नजर आए। थाना प्रभारी ने स्वयं पैदल घूमकर पूरे ओवरब्रिज क्षेत्र का जायजा लिया और स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर जमावड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेल पटरी पर जुआरियों के खिलाफ एक्शन
ओवरब्रिज के बाद पुलिस का काफिला रेलवे फाटक की ओर मुड़ा। यहाँ रेल पटरियों के बीच छिपकर जुआ खेलने और शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस को देखते ही जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए दोबारा वहां न दिखने की हिदायत दी।
“ओवरब्रिज और रेलवे फाटक के आसपास अब रोजाना निरीक्षण किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने या जुआ खेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” > — बालेश्वर उरांव, थाना प्रभारी, नोवामुंडी
क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने के निर्देश
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें ताकि वे ऐसी बुरी आदतों और असामाजिक संगत से दूर रहें।