
समाज में मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरक नजीर पेश करते हुए व्यॉस ऑफ ह्यूमिनिटी, जमशेदपुर के सौजन्य से कांड्रा एसकेजी कॉलोनी में रहने वाले एक बेसहारा परिवार को महीने भर का राशन एवं कंबल उपलब्ध कराया गया।

बताया गया कि उक्त परिवार की जिम्मेदारी एक 65 वर्षीय वृद्धा के कंधों पर है, जिनके पति पिछले नौ वर्षों से अपाहिज अवस्था में बिस्तर पर पड़े हैं। पति कभी एसकेजी ग्लास फैक्ट्री में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। परिवार में एक मानसिक रूप से दिव्यांग पुत्र भी है। सीमित संसाधनों के बीच वृद्धा का पूरा गुजारा केवल सरकारी वृद्धा पेंशन पर निर्भर है।
परिवार की दयनीय स्थिति की सूचना मिलते ही व्यॉस ऑफ ह्यूमिनिटी के प्रतिनिधि हरि सिंह राजपूत, सत्यम सिंह एवं शिवांगी सिंह ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित सहायता पहुंचाई। राशन और कंबल मिलने से परिवार को न केवल राहत मिली, बल्कि यह भरोसा भी जगा कि संकट की घड़ी में समाज साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि व्यॉस ऑफ ह्यूमिनिटी चुनिंदा समाजसेवी युवाओं का एक समूह है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहता है। इनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देता है कि मानवीय संवेदना ही एक बेहतर समाज की नींव है।
