
खेल प्रतियोगिताओं से कार्य स्थल पर सकारात्मक उर्जा का संचार होता है : बीके डिंडा
खेल से एकाग्रता, अनुशासन और कार्य क्षमता में वृद्धि होती है : रंजन कुमार सिंह
गम्हरिया स्थित टाटा स्टील के ट्रेनिंग सेंटर ग्राउंड में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विंटर स्पोर्ट्स–2025 का रंगारंग शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बीके डिंडा और टीएसजी प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा बैलून उड़ाकर स्पोर्ट्स सीजन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन सत्र का संचालन पूजा कुमारी ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष सभी इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं ट्रेनिंग सेंटर परिसर में ही आयोजित की जाएंगी। पहले दिन वॉलीबॉल मुकाबले के साथ खेल सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।

अपने संबोधन में टाटा कामगार यूनियन अध्यक्ष बीके डिंडा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल जीत–हार तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि यह कर्मचारियों के मानसिक तनाव को कम करने, टीम भावना को मजबूत करने और आपसी सहयोग को बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही किसी भी स्टील उद्योग की वास्तविक पूंजी होते हैं, और ऐसे आयोजनों से कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

वहीं टीएसजी प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह ने खेलों को कर्मचारियों के शारीरिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के लिए योग के समान आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से कर्मचारियों की एकाग्रता, अनुशासन और कार्य क्षमता में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ उद्योग की उत्पादकता को मिलता है।

उद्घाटन अवसर पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, टाटा कामगार यूनियन के पदाधिकारी, खेल प्रतिभागी एवं आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के सहायक उपस्थित रहे। सभी ने सीमित समय में आपसी सहयोग से खेल व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
