
नोवामुंडी, 15 दिसंबर 2025: अमृत भारत योजना के तहत बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य में भारी देरी और घटिया निर्माण को लेकर यात्रियों में रोष है। इस संबंध में बड़ाजामदा निवासी एवं जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा सह भाजपा के शंभू हाजरा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर शिकायत की है।

पत्र में बताया गया है कि लगभग डेढ़ वर्ष बीत जाने के बावजूद स्टेशन निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर टाइल्स और ग्रेनाइट बार-बार उखड़ रहे हैं, वहीं कई जगह बिना सुरक्षा के गड्ढे छोड़ दिए जाने से यात्री घायल हो रहे हैं।
उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 1 के ओवरब्रिज को रूंगटा कॉलोनी तक बढ़ाने, प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर यात्री शेड व पेयजल की व्यवस्था तथा बंद पड़े शौचालय को जल्द चालू कराने की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि रेल मंत्रालय, भारत सरकार को भी भेजी गई है।
