
कांड्रा डोकाकुली स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय नरेंद्र नगर कांड्रा स्कूल में 10 वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह काफी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.इससे पूर्व विद्यालय के प्राचार्या आशा रानी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

इस अवसर पर कक्षा नवम के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा दशम के विद्यार्थियों को तिलक लगाया तथा गुलाब पुष्प प्रदान कर उनका स्वागत किया.वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर छात्राओं ने दर्शकों का मन मोह लिया.इस अवसर पर 10 वीं के छात्र-छात्राओं को विदाई दी गई. प्राचार्या आशा रानी ने समारोह के मौके पर छात्र-छात्राओं को आगामी परीक्षा की शुभकामनाएं दी.

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफल होने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहने और लक्ष्य के प्रति कठिन परिश्रम करने की बात कही.प्राचार्या आशा रानी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक रहते हुए आत्मविश्वास को बढ़ाने की बात कही. वहीं स्कूल के विभिन्न विषय के वरिष्ठ शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी निर्देश दिए. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व प्रति दिन प्रश्नपत्र प्रारूप को हल करने का सुझाव दिया. साथ ही कठिन और आसान विषयों की सूची तैयार कर उनका अभ्यास करने को कहा. इस मौके पर विद्यालय कि प्राचार्या आशा रानी, जगन्नाथ महतो, विजय कुमार सिंह, किरण श्रीवास्तव, मीना आल्डा , सविता कुमारी, सुनीता महतो, लक्ष्मी सिंह, विनोद महतो, मुकेश कुमार गुप्ता, झरना महतो, प्रीति साहू, रेखा रानी, फुलेश्वरी महतो उपस्थित रही.
