झारखंड के शिक्षा सचिव के निर्देशानुसार जिले में अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त / गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों को 12 जून से आगामी बुधवार 14 जून तक बंद करने का आदेश दिया गया है। इसके बावजूद गम्हरिया प्रखंड के कई निजी विद्यालय खुला रखकर सरकार के निर्देशों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही है। गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत यशपुर पंचायत के उदयपुर व गंजिया गांव के बीच स्थित राइजिंग स्टार इंग्लिश स्कूल सोमवार को खुला रहने की सूचना पर स्कूल पहुंची स्थानीय मुखिया पार्वती सरदार द्वारा प्रधानाध्यापिका को जमकर फटकार लगाई गई। साथ ही इसकी शिकायत विभागीय पदाधिकारियों से करने की चेतावनी दी। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नेहा शर्मा द्वारा बताया गया कि जानकारी के अभाव में कई बच्चे स्कूल आ गए थे। कहा कि फिलहाल आगामी 18 जून तक विद्यालय में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। सोमवार, 19 जून से विद्यालय का संचालन होगा। इसी प्रकार, पिंडराबेड़ा गांव में स्थित राजेंद्र पब्लिक स्कूल सरकारी आदेशों का अनदेखी करते हुए सोमवार को संचालित किया गया। इससे अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
