समाचार प्रतिनिधि “रति रंजन”

श्री जगन्नाथ रथ यात्रा २०२३ के सफल आयोजन व आगामी वर्षों के लिए नए रथ निर्माण को लेकर हुई चर्चा
४ जून को देवस्नान पूर्णिमा,१९ जून को नेत्रोत्सव,२० जून को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा(श्री गुंडिचा यात्रा),२४ जून को हेरा पंचमी एवम २८ जून को होगी बाहूडा रथ यात्रा का आयोजन ।

प्रधान सचिव, विधि विभाग-झा० को सम्मान स्वरूप मोमेंटो देते हुए समिति सदस्य
नए रथ का निर्माण हेतु राजगोसाईं,राजपुरोहित व राजपंडित का मार्गदर्शन अति महत्वपूर्ण परम्परा।
सरायकेला :: आगामी २० जून को होनेवाले महाप्रभु श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर रविवार को खरसावां राजमहल में श्रीजगन्नाथ संस्कृति प्रचार समिति, खरसावां की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। राजा श्री गोपाल नारायण सिंहदेव की अध्यक्षता में हुई उक्त बैठक में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए रथयात्रा के सफल आयोजन हेतु विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।

बैठक करते श्रीजगन्नाथ प्रचार समिति के सदस्यगण
इस दौरान रथ यात्रा के पूर्व एवम रथ यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले अनुष्ठान यथा देवस्नानपुर्णिमा नेत्रोत्सव,रथयात्रा,हेरापंचमी, बाहूडा यात्रा भंडारा आयोजन एवं रथ यात्रा संबंधी विभिन्न पहलुओं को लेकर चर्चा किया गया । इस दौरान राजा श्री गोपाल नारायण सिंहदेव ने कहा कि प्राचीन काल से चली आ रही विभिन्न नीति ,विधि अनुयायी राजगोसाईं,राजपुरोहित व राजपंडित के मार्गदर्शन अनुरूप ही इस साल भी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन होगा। चाहे नए रथ निर्माण के लिए रथ की ल-चौ-ऊंचाई,निर्माण सामग्री की बात हो या अनुष्ठान अंतर्गत नीतियों एवम विधि की बात हो राजगोसाईं,राजपुरोहित व राजपंडित का मार्गदर्शन ही सर्वोपरि है।

साथ ही बताया गया कि बीते बुधवार को खरसावां राजा श्री गोपाल नारायण सिंहदेव के नेतृत्व में श्रीजगन्नाथ संस्कृति प्रचार समिति का एक प्रतिनिधि मंडल प्रधान सचिव विधि विभाग झारखंड, से रांची स्थित कार्यालय में मिलकर उन्हें श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा खरसावां के महा अनुष्ठान में शामिल होने के लिए विनम्र अनुरोध करते हुए आमंत्रण दिए। अति शीघ्र ही मुख्य न्यायाधीश झारखंड,स्थानीय सांसद,विधायक समेत जनप्रतिनिधियों एवं अन्य को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर समिति की और से निमंत्रण दिया जाएगा। समिति की और से श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा खरसावां को प्रथम श्रेणी का राजकीय महोत्सव घोषित करने की मांग की गई। इसको लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री झारखंड को अंचलाधिकारी खरसावां के माध्यम से खरसावां ग्रामीणों का हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा जा चुका है

साथ ही स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को भी ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया है।ज्ञात हो कि मर्जर एग्रीमेंट के तहत स्वतंत्र भारत मे श्री जगन्नाथ रथ यात्रा,खरसावां अकेला अनुष्ठान है जिसका आयोजन सरकारी स्तर पर किया जाता है। प्रति वर्ष सरकार द्वारा उक्त भव्य धार्मिक अनुष्ठान का सफल आयोजन स्थानीय जनता के सहयोग से किया जाता है। उक्त धार्मिक अनुष्ठान में श्री जगन्नाथ संस्कृति प्रचार समिति खरसावां बाह्य रूप से सहयोगी के तौर पर महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के चरणों मे अपनी सेवा देने का काम करती है। मौके पर उपरोक्त के अलावा राकेश दाश,सौरिष मिश्र,रूपरंजन नंद,नंदू पांडेय,वैद्यनाथ नायक,पार्थसारथी महापात्र,राकेश दलबेहरा,राकेश बिशोइ,रंजीत मिश्रा, एवं अन्य उपस्थित रहे। समिति द्वारा अगली बैठक आगामी बैठक २८ मई को राजमहल परिसर में की जाएगी उक्त बैठक में सभी सदस्यों को शामिल होने का आग्रह किया गया है।
