
आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 में एक चोर चोरी का सामान टपाने में विफल रहा। भेद खुलते ही चोर समान छोड़ रफूचक्कर हो गया। स्थानीय राहगीरों ने चोर का पीछा किया, मगर चोर पकड़ में नहीं आया। वैसे पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दरअसल वार्ड 17 के 7 एलएफ फ्लैट के पास एक युवक अहले सुबह करीब 7 बजे आटो से उतरा। उसने ऑटो से अपने साथ एक बोरा उतारा। बोरे में रखे सामान अचानक बीच सड़क पर बिखर गए। आनन- फानन में युवक सामान समेटने लगा। जब स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो भेद खुलता देख युवक वहां से भाग निकला। इसकी जानकारी पूर्व पार्षद नीतू शर्मा को मिलने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना आदित्यपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच सामान जप्त कर मामले की जांच में जुट गई है।
