ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट विद्यालयों का प्रचार-प्रसार करें शिक्षक– अध्यक्ष

प्रखंड 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक में शिक्षा की कुव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए बीईईओ की कार्य प्रणाली पर सवालियां निशान उठाए गए हैं। पिछले चार महीने में एक भी विद्यालय का औचक निरीक्षण नहीं करने, विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति का समुचित रिकार्ड उपलब्ध नहीं होने समेत कई प्रमुख आंकड़ों को बैठक में प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें फटकार लगा अगली बैठक तक का मोहलत दी गई। साथ ही प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। प्रखंड सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष छायाकांत गोराई ने मौजूद अधिकारियों एवं सदस्यों को विकास में योगदान की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समेत अन्य विभागों में इस तरह की लापरवाही मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के शिक्षण में अव्वल टॉप टेन एवं कमजोर 10 विद्यालयों की सूची बनाने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में राज्य के 82 उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रखंड क्षेत्र के विद्यालय का पंचायत वार प्रचार प्रसार करने एवं अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ पहुंचाने का निर्देश शिक्षा विभाग को दिया गया। बैठक में मनरेगा से जुड़े कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस पर असंतोष जाहिर करते हुए सदस्यों ने विभागीय पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया। मनरेगा में कनीय अभियंता की मनमानी एवं मिट्टी कटाई में अनियमितता का मामला सामने आया। मनरेगा के 26 हजार में महज 12 हजार जॉब कार्ड के एक्टिव होने पर आपत्ति जताई गई। जॉब कार्ड के श्रमिकों का कैटगरी वाइज सूची बनाने एवं बेहतर कार्य करने वाले रोजगार सेवक की सूची बनाकर पुरस्कृत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में पिंडराबेड़ा के भूतपूर्व सैनिक कर्नल आरपी सिंह पर आवंटन से अधिक जमीन घेरने के आरोप की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश सीओ को दिया गया। सीओ ने 15 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में अंचल कार्यालय में ऑनलाइन पेंडिंग मालगुजारी एवं अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश भी दिया गया। इस अवसर पर लंबित पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने आदि पर भी चर्चा की गई। जबकि 15 पीडीएस डीलर की जांच एवं कार्रवाई नहीं होने पर असंतोष जताई गई। बैठक में बिजली विभाग को ग्रामीण क्षेत्र में कैम्प लगाकर बकाया राशि की सूद माफ करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जेएसएलपीएस के कार्यों की समुचित जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने पर फटकार लगाई गई। जबकि 7 किसानों को पिछले एक साल से केसीसी लोन नहीं मिलने पर आपत्ति जताई गई। आत्मा की ओर से रजिस्टर्ड किसानों की सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने पर फटकार लगाई गई। अगली बैठक में सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ये थे मौजूद
बैठक में सीओ मनोज कुमार, बीडीओ मारुति मिंज, उपाध्यक्ष राम हांसदा, विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य, सीडीपीओ साधना चौधरी, जेएसएस दयानंद प्रसाद, बीसीओ सुनील कुमार चौधरी, बीएओ पंचानंद साहू, एलईओ सत्येंद्र सिंह, प्रदीप बारीक, जगदीश महतो, गौरीशंकर प्रसाद आदि शामिल हुए।
