
आदित्यपुर थानांतर्गत पान दुकान चौक के पास शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर 1 निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं उसके साथ बैठे एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 11:30 बजे रंजीत कुमार अपनी स्कूटी से अपने कर्मचारी को खाना पहुंचाने जा रहा था। इस दौरान वह पान दुकान चौक की तरफ से आ रहे हीरो होंडा बाइक से टकरा गया। घटना में दोनों ही वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने दोनों घायलों को पीसीआर वैन से टीएमएच पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने स्कूटी सवार रंजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक सवार की हालत नाजुक बनी हुई है।
