
छोटा गम्हरिया में धूमधाम से मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती, स्वदेशी अपनाने का लिया संकल्प
गम्हरिया। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से गुरुवार को छोटा गम्हरिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्वदेशी सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 25 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक मनाया जाएगा। इसके तहत स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और आत्मनिर्भरता को लेकर लोगों के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वदेशी जागरण मंच के सरायकेला-खरसावां जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच की पर्यावरण प्रमुख रश्मि साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता थे। उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और विकास पर केंद्रित थे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से घरेलू जरूरतों की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। कहा कि अपने मोहल्ले, शहर और राज्य में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यवसायियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्वदेशी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इस दौरान स्वदेशी सप्ताह के तहत जनजागरण अभियान को व्यापक रूप से चलाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में कोष प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, पत्रिका प्रमुख हरिशंकर शाह, नंद किशोर चौधरी, प्रकाश कुंवर, विकास रॉय, प्रमोद पांडेय, राजन साह, आशुतोष पांडेय, आदर्श दुबे, पवन यादव, रोहित दुबे, अभिजीत नंदी, शुभम गोप, सुब्रत मंडल, राकेश मंडल, आशीष मंडल, विशाल प्रमाणिक समेत स्वदेशी जागरण मंच के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
