
कांड्रा। छठ महापर्व को लेकर जय माता दी यंग बॉय कमिटी कांड्रा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को कमिटी की ओर से मनीकुई स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कमिटी पिछले दस वर्षों से लगातार छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों की सफाई एवं उचित व्यवस्था करती आ रही है।
इस वर्ष भी छठ पूजा को सफल और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जेसीबी मशीन लगाकर घाट की सफाई कराई जा रही है। घाट पर काफी मात्रा में कचरा जमा था। इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने अपने पूजा स्थल को पत्थरों से घेर रखा था, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। कमिटी के सदस्यों ने जेसीबी की मदद से पत्थरों को हटवाकर रास्तों को सुगम बनाने की पहल की। कमिटी ने कांड्रा, गम्हरिया एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने निर्धारित पूजा स्थल का सीमांकन पत्थरों से घेरकर नहीं, बल्कि चूना डालकर करें। इससे घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होगी और साफ-सफाई का कार्य भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। जय माता दी यंग बॉय कमिटी के अध्यक्ष आशुतोष बर्मन ने बताया कि कमिटी का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न होने देना है। इसी उद्देश्य से घाट की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि घाट की सफाई सभी की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखकर की जा रही है। इसलिए सभी लोग अपने पूजा स्थल का सीमांकन चूना से करें और पत्थरों का इस्तेमाल न करें, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस सफाई अभियान के दौरान कमिटी के अध्यक्ष आशुतोष बर्मन, कोषाध्यक्ष राहुल साह, सचिव महेश महतो सहित सिद्धार्थ महतो, अमित सेन, सागर वर्मा, किशन महतो एवं राजू नंदी मौजूद थे। कमिटी के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता और सेवा का पर्व है। इसे सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं का सहयोग आवश्यक है।
