
कांड्रा: दीपावली, छठ एवं काली पूजा के मद्देनजर कांड्रा रेलवे जंक्शन के टिकट काउंटर पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहारों के अवसर पर अपने घरों और गांवों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने से टिकट काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। टिकट लेने के लिए यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्टेशन परिसर में भी यात्रियों की आवाजाही बढ़ी रही। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। किसी प्रकार की अव्यवस्था और अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान स्टेशन परिसर एवं टिकट काउंटर के आसपास मुस्तैदी से तैनात रहे। वहीं, आरपीएफ प्रभारी दिवाकर सिंह की देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ के जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाते नजर आए।
