
प्रतिनिधि संचार भारत न्यूज़, नोवामुंडी
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), किरीबुरू विनीत कुमार किंडो के नेतृत्व में नोवामुंडी थाना परिसर से डीवीसी चौक तक फ्लैग मार्च निकाला गया.फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.
फ्लैग मार्च नोवामुंडी थाना परिसर से शुरू होकर फॉरेस्ट ऑफिस, रेलवे फाटक, बाजार मंदिर एवं बाजार क्षेत्र से होते हुए स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा। इसके बाद बाजार चौक और बस स्टैंड मुख्य मार्ग से गुजरते हुए डीवीसी चौक तक पहुंचा.इस दौरान जिला पुलिस के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे.

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना या धार्मिक एवं सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए किसी भी संदेश या सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें.
आपातकालीन स्थिति में आम नागरिक 112 नंबर पर डायल कर सकते हैं या तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दे सकते हैं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
पूजा पंडालों में आपत्तिजनक गाने बजाने पर रोक
पुलिस प्रशासन ने सभी दुर्गा पूजा समितियों एवं पूजा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूजा पंडालों में ऐसे गाने नहीं बजाए जाएं, जिनसे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों। सभी पूजा समितियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई है।
तेज रफ्तार बाइक और मॉडिफाइड साइलेंसर पर होगी कार्रवाई
दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। बाइक से स्टंट करने, लापरवाही से वाहन चलाने और साइलेंसर खोलकर तेज आवाज में बाइक चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा, बड़े और भारी वाहनों के परिचालन पर नो-एंट्री लागू कर दी गई है, जो 22 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य पूजा के दौरान बाजार एवं मुख्य मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
फ्लैग मार्च में कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

फ्लैग मार्च में इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अभिनय कुमार,अखिलेश सिंह, विनोद कुमार सिंह, बलराम महतो, अंजत प्रधान, सहित जिला पुलिस के जवान शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
