
जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर पूरे कोल्हान क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जमशेदपुर की जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह से जारी तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों, गलियों और आवासीय परिसरों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लगातार बारिश के कारण सोनारी, आदर्शनगर, बर्मामाइंस, मानगो, बारिडीह, काशीडीह समेत कई क्षेत्रों के घरों में पानी घुस गया है। कई स्थानों पर नालियों का पानी भी घरों में प्रवेश कर गया, जिससे लोगों की दैनिक जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। प्रभावित परिवारों को घर छोड़कर ऊपरी मंजिलों या सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।सोनारी के आदर्शनगर अपार्टमेंट में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है। यहां एक मंजिल तक बारिश और नल का पानी भर जाने से दर्जनों वाहन पानी में डूब गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 50 से 60 वाहन जलमग्न हो चुके हैं। कई परिवारों को अपने सामान को बचाने के लिए रातभर मशक्कत करनी पड़ी और उन्हें दूसरी तथा तीसरी मंजिल पर शरण लेनी पड़ी।लगातार हो रही बारिश का असर शहर की दोनों प्रमुख नदियों स्वर्णरेखा और खरकई पर भी दिखाई दे रहा है। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण दोनों नदियां खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई हैं, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।बारिश और जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे, अस्पताल जाने वाले मरीज तथा कार्यालय जाने वाले कर्मचारी अपने-अपने घरों में फंसे हुए हैं। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। घरों में पानी घुसने से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है, जिससे लोगों को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।स्थानीय लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है। प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। फिलहाल लगातार हो रही बारिश के बीच लोग हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
