
गम्हरिया : नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं, लेकिन कई इलाकों में पूजा पंडालों तक पहुंचने के रास्ते बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। सड़कों पर अंधेरा और जर्जर स्थिति के कारण श्रद्धालुओं को रात के समय आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति पर राजद के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी मुकेश झा ने चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार लोगों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। मुकेश झा ने कहा कि शहीद निर्मल महतो पथ कभी आदर्श पथ के नाम से जाना जाता था, लेकिन आज इसकी स्थिति काफी दयनीय हो गई है। यह सड़क शिवनगर, कैलाश नगर, विश्वकर्मा कॉलोनी और नामो टोला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए लाइफलाइन है। इसके बावजूद सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को रात के अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शहीद दिवंगत सांसद सुनील महतो पथ की स्थिति भी चिंताजनक है। यह सड़क झुरकुली और दुग्धा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी क्षेत्र में शहीद सांसद सुनील महतो का निवास स्थान भी है। सड़क की जर्जर हालत, नालियों की समस्या और रोशनी की कमी से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पूजा पंडालों में जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुकेश झा ने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। ऐसे अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलना चाहिए। कम से कम पर्व के दौरान प्रमुख सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। पांच पूजा बीत जाने के बावजूद इन समस्याओं का बने रहना चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार लोगों से आग्रह किया कि नवरात्रि के शेष दिनों में इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए। सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन के लिए पूजा पंडालों तक पहुंच सकेंगे।
