
नोवामुण्डी। पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुण्डी में नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा के बीच कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में विद्यालय की नौ नन्हीं बहनों का विधिवत पूजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति की कोषाध्यक्ष श्रीमती मालती लागुरी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कक्षा नवम की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इसके पश्चात् माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक रूप में उपस्थित नौ नन्हीं बहनों का विधिवत कन्या पूजन किया गया।

उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा उपहार भेंट किए गए। इस पावन अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य-दीदी जी एवं भैया-बहनों ने कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, श्रद्धा, सेवा एवं समर्पण का प्रतीक भी है। इस प्रकार के आयोजनों से भैया-बहनों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं संस्कारों के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत होता है।कार्यक्रम ने सभी के मन में भक्ति, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।इस कार्यक्रम में लेवनार्ड अलवेस्टर बोदरा, गायत्री सुलंकी, नंद किशोर महतो, रेनु कुमारी सरदार, बैजन्ती पान, नेहा कुमारी, सुलक्षणा प्रधान, मुस्कान शाहीन, अर्चना देव, मंजू मुण्डा, शीतल पुरती, सुनम महतो, निकिता कुमारी, स्नेहा गुप्ता, सरिता पुरती, रुदाली कुमारी, रमेश महतो आचार्य दीदी जी उपस्थित रहे।
